Chhattisgarh Bilaspur News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखा बैग छोड़ना एक महिला को महंगा पड़ गया। बैग में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए। पीड़िता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी 29 वर्षीय भगवती कौशिक 15 जुलाई को अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के पास ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में खरीदारी करने चली गईं। करीब डेढ़ घंटे बाद तीनों वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं।
अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर कथित तौर पर ऑटो चालक महिला की गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पूछताछ करने पर चालक ने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का भरोसा दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले नकद राशि या अन्य गहने देने की पेशकश भी की। इसके बाद वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को एक रिश्तेदार के घर ले गया और मौका मिलते ही छत के रास्ते फरार हो गया।
चकरभाठा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

