Chhattisgarh Surajpur News : सूरजपुर जिले के विकासखंड प्रतापपुर के दूरती और गोंदा गांव में स्वच्छता एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि देवपाल सिंह पैकरा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने स्वच्छता अभियान में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
ग्राम पंचायत दूरती स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वयं सफाई कर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस अभियान में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती पंचमढ़ी सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद ग्राम गोंदा में आयोजित संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की मजबूत नींव होता है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों से बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। दोनों आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।

