Dharamjaigarh News : जमीन विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह: बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद घर में आग लगाकर हादसा दिखाने की कोशिश

Dharamjaigarh News : जमीन विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह: बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद घर में आग लगाकर हादसा दिखाने की कोशिश

Chhattisgarh Dharamjaigarh News : छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के चर्चित क्रोंधा डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने एक बुजुर्ग दंपति की टंगिया (कुल्हाड़ी) से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शवों सहित घर में आग लगा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा में मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई के जले हुए शव उनके घर के अंदर मिले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को जांच में लगाया गया।

घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से जांच की दिशा तय हुई। इसके बाद पुलिस श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के कारण हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की रात वे टंगिया लेकर बुजुर्ग दंपति के घर पहुंचे। पहले मंगल राठिया की हत्या की और फिर उनकी पत्नी की भी जान ले ली। इसके बाद वारदात को हादसा साबित करने के उद्देश्य से शवों और घर में आग लगा दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।


Related Articles