Chhattisgarh Narayanpur News : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया है। जिला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 58वीं वाहिनी ने कोहकामेटा थाना क्षेत्र के कच्चापाल जंगल में संयुक्त सर्च अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो रायफल, एक देशी बैरल लांचर, मैगजीन और विभिन्न बोर के 31 जीवित कारतूस बरामद किए। सभी हथियारों और गोला-बारूद को जब्त कर कोहकामेटा थाने में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और माओवादियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य जंगलों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद कर नक्सल नेटवर्क को कमजोर करना है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से नक्सलियों के लॉजिस्टिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो।

