Bhilai News: भिलाई में मदद के बहाने युवक से लूट, गिरने के बाद पहुंचे बदमाशों ने चेन, 3 मोबाइल और नकदी लूटी

Bhilai News: भिलाई में मदद के बहाने युवक से लूट, गिरने के बाद पहुंचे बदमाशों ने चेन, 3 मोबाइल और नकदी लूटी

CG Bhilai News: भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 में मदद के बहाने लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सड़क पर स्कूटी फिसलने से गिरे एक युवक की सहायता करने पहुंचे दो बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तालपुरी ब्लॉक-बी निवासी सूर्यश सिंह (31) कार वॉशिंग शॉप का संचालन करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह सिविक सेंटर से अपनी दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। सेक्टर-10 स्थित सड़क नंबर-47 के पास उनकी गाड़ी फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने घायल युवक को उठाकर मदद करने का दिखावा किया, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उसके साथ हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश युवक के पास रखे तीन मोबाइल फोन, एक स्मार्ट वॉच, सोने की चेन और करीब 1,500 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई सम्राट सिंह और दोस्तों मंदीप सिंह तथा सिवान सतपति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद भिलाई नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत एक्टिवा सवार दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।


Related Articles