Durg News: धमधा में 1.11 करोड़ का लोन घोटाला, पूर्व शाखा प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों पर FIR दर्ज

Durg News: धमधा में 1.11 करोड़ का लोन घोटाला, पूर्व शाखा प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों पर FIR दर्ज

CG Durg News: दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा स्थित सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की शाखा में 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये के कथित लोन घोटाले का मामला सामने आया है। कंपनी के आंतरिक ऑडिट में वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद धमधा पुलिस ने पूर्व शाखा प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कंपनी के स्टेट हेड अशोक कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी कंपनी का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ अनुबंध है, जिसके तहत महिलाओं को लघु ऋण उपलब्ध कराया जाता है। मई 2026 में धमधा शाखा के ऑडिट के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आई।

जांच में पाया गया कि शाखा के तत्कालीन प्रबंधक रविशंकर दीवान तथा कर्मचारी अनिल विश्वकर्मा, देवव्रत कौशल और संदीप खुटियारे ने कथित रूप से 267 ग्राहकों से लोन की किस्त, ऋण समापन राशि और अन्य भुगतान वसूलने के बावजूद कंपनी के खाते में जमा नहीं किए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों ने ग्राहकों के एटीएम कार्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी का दुरुपयोग किया तथा रिकॉर्ड में हेरफेर कर कथित गबन को छिपाने का प्रयास किया।

कंपनी ने ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर चारों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने और कथित गबन की राशि जमा करने का अवसर दिया था। हालांकि, आरोपियों ने न तो कोई जवाब दिया और न ही राशि वापस की। इसके बाद चारों कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी।

शिकायत के आधार पर धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कथित गबन की राशि की बरामदगी के साथ-साथ सभी आरोपियों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

कंपनी का दावा है कि इस कथित वित्तीय अनियमितता से 267 ग्राहक प्रभावित हुए हैं और कंपनी को 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles