Surajpur News: खड़गवां में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान, एसएसपी ने युवाओं से किया नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान

Surajpur News: खड़गवां में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान, एसएसपी ने युवाओं से किया नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत खड़गवां पुलिस चौकी परिसर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत कुमार ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने, ओटीपी साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या फर्जी निवेश के झांसे में नहीं आने की अपील की। साथ ही उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।

प्रतापपुर की एसडीएम ललिता भगत ने सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों और नशे के सामाजिक व पारिवारिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया गया। वहीं साइबर ठगी की शिकार एक महिला ने मंच से अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार ऑनलाइन धोखाधड़ी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य से हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने यातायात नियमों के पालन, साइबर सुरक्षा और नशामुक्त जीवन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पूर्व शक्कर कारखाना अध्यक्ष विद्यासागर आयाम, सुरेश चक्रधारी, एसडीओपी अनूप एक्का, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Related Articles