PM Modi Visit New Zealand: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। इसकी जानकारी शुक्रवार को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी और दोनों देशों के बीच हाल ही में घोषित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के जरिए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई मिलेगी।
क्रिस्टोफर लक्सन ने अपने पोस्ट में कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है तथा न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है। उन्होंने कहा कि FTA के जरिए न्यूजीलैंड में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निर्यात बढ़ेगा और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही 1.4 अरब लोगों के भारतीय बाजार तक न्यूजीलैंड के उत्पादों और सेवाओं की पहुंच आसान होगी।
इससे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत दौरे पर आए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देने पर चर्चा की थी।
वहीं, 6 मई को न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा था कि प्रस्तावित उच्च-गुणवत्ता वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार कुछ वर्षों में दोगुना होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड सरकार अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर तक निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में भारत और न्यूजीलैंड ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की थी। यह समझौता बाजार पहुंच, कृषि, निवेश, प्रतिभाओं की आवाजाही, पर्यटन, खेल और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने जैसे कई क्षेत्रों को कवर करता है। इस समझौते से दोनों देशों के उद्योगों, किसानों, MSME, महिला उद्यमियों, छात्रों और कुशल पेशेवरों को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

