Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की प्रतापपुर इकाई ने शासकीय कालिदास महाविद्यालय, प्रतापपुर के वॉशरूमों की बदहाल स्थिति को लेकर कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने वॉशरूमों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा टूटे हुए नल, दरवाजों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
एबीवीपी के नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिंकु नाविक ने बताया कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए बने दोनों वॉशरूमों की स्थिति काफी खराब है। नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा वॉशरूम के नल और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में महाविद्यालय में यूजी और पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं दो पालियों में संचालित हो रही हैं। ऐसे समय में वॉशरूमों की खराब व्यवस्था छात्रों के लिए बड़ी समस्या बन गई है और इसे लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर वॉशरूमों की नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त नल एवं दरवाजों की मरम्मत कराने की मांग की है।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिंकु नाविक, बरत लाल, राज यादव, कौशल्या, पियूष मित्तल, अभिषेक कुशवाहा, रवि सिंह सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

