Surajpur News: प्रतापपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पखवाड़ा समारोह संपन्न, 50 लोगों ने थामा भाजपा का दामन

Surajpur News: प्रतापपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पखवाड़ा समारोह संपन्न, 50 लोगों ने थामा भाजपा का दामन

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती एवं स्मरण पखवाड़ा के अवसर पर प्रतापपुर के मंगल भवन में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रतापपुर, जरही और गोविंदपुर मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके आदर्श और विचार प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. मुखर्जी के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लगभग 50 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य करने का संकल्प दिलाया।

पूरे कार्यक्रम में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला। तीनों मंडलों से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और सक्रियता का परिचय दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।


Related Articles