MP News: राजा रघुवंशी मर्डर केस; सोनम की जमानत रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार, परिवार ने जताया भरोसा

MP News: राजा रघुवंशी मर्डर केस; सोनम की जमानत रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार, परिवार ने जताया भरोसा

MP News: इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार के सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के फैसले का मृतक के परिवार ने स्वागत किया है। राजा रघुवंशी के परिजनों का कहना है कि यदि सोनम लंबे समय तक जमानत पर बाहर रहती है तो वह मामले के सबूतों से छेड़छाड़ कर सकती है, गवाहों को प्रभावित कर सकती है और फरार होने की भी आशंका है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई होनी है।

राजा के भाई ने जताई चिंता

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि परिवार मेघालय सरकार का आभारी है, जिसने सोनम की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि परिवार को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि अदालत सच्चाई के आधार पर उचित फैसला सुनाएगी।

विपिन ने आशंका जताई कि जमानत पर बाहर रहने के दौरान सोनम सबूतों को नष्ट कर सकती है, गवाहों पर दबाव बना सकती है और मौका मिलने पर फरार भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जमानत पर पुनर्विचार किया जाना जरूरी है।

हाई कोर्ट ने बरकरार रखी थी जमानत

गौरतलब है कि 29 जून को मेघालय हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें निचली अदालत द्वारा 27 अप्रैल को सोनम रघुवंशी को दी गई जमानत को रद्द करने की मांग की गई थी। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया का सही ढंग से पालन नहीं किया गया, इसलिए निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत में हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता।

10 महीने तक जेल में रही सोनम

सोनम रघुवंशी को 9 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद वह करीब 10 महीने तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में रही। जमानत मिलने के बाद वह फिलहाल शिलांग में रह रही है।

हनीमून के दौरान हुई थी राजा की हत्या

राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी वर्ष 2025 में हनीमून मनाने मेघालय गए थे। इसी दौरान दोनों लापता हो गए थे। बाद में ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) क्षेत्र में एक झरने के पास गहरी खाई से राजा का शव बरामद हुआ था।

मेघालय पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन कथित सुपारी किलर्स के साथ मिलकर राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का आरोप है कि राजा को रास्ते से हटाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि सोनम की जमानत बरकरार रहेगी या उसे रद्द किया जाएगा।


Related Articles