Chhattisgarh Latest News: पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम अमलीडीह में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए देशवासियों को निरंतर प्रेरित करते हैं।
पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को पिलाई दवा
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद श्रीमती कीर्ति नायक ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नवजात एवं छोटे बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय-समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि पोलियोमुक्त भारत का लक्ष्य साकार हो सके।
खेल मैदान की बाउंड्रीवाल का किया भूमिपूजन
इसके पश्चात जनपद अध्यक्ष ने ग्राम अमलीडीह के खेल मैदान में बनने वाली बाउंड्रीवाल का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का विकास ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है। बाउंड्रीवाल बनने से खिलाड़ियों को सुरक्षित और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवा खेलों में नई पहचान बना सकेंगे।
जनसेवा और विकास को बताया प्राथमिकता
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास, जनसेवा और प्रत्येक वर्ग के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लगातार गति दे रही हैं।
कार्यक्रम में सरपंच गोकूल साहू, कमलेश्वरी साहू, शैलेष शर्मा, खेमचंद जोशी, नीरा चौहान, फुलेश साहू, जितेंद्र साहू, भुनेश्वरी धीवर, वेणु ठाकुर, प्रतिमा पटेल, गीतांजली, लक्ष्मी गुर्वेकर, उषा साहू, निर्मला साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

