Durg News: पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे आरोपी

Durg News: पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे आरोपी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.992 किलोग्राम गांजा, बिक्री की नगदी तथा अन्य सामग्री सहित 1 लाख 50 हजार 200 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलगांव क्षेत्र के पोटिया रोड स्थित उटोपिया के सामने एक युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही ओमकार यादव (21 वर्ष), निवासी कुन्दरापारा, पोटियाकला को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में साथी का हुआ खुलासा

पूछताछ के दौरान ओमकार यादव ने बताया कि वह अपने साथी मोहन कुम्भार (24 वर्ष) के साथ मिलकर गांजा मंगाकर उसकी अवैध बिक्री करता था। दोनों आरोपी बोरसी स्थित अटल आवास के पास पानी टंकी के समीप खड़ी एक खराब कार में गांजे की पुड़िया तैयार कर ग्राहकों को बेचते थे।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी मोहन कुम्भार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी अवैध गांजा बरामद किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2.992 किलोग्राम गांजा और 700 रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1,50,200 रुपये आंका गया है।

इस मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुभाष साहू, प्रधान आरक्षक सुनील सोनी, मनोज पटेल, आरक्षक हेमेन्द्र कुर्रे, मनोज यादव तथा चालक आरक्षक हरीशचंद सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन या अवैध बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।


Related Articles