Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जिला कैंसर अस्पताल, दुर्ग में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बेमेतरा जिले में दर्ज एक आपराधिक मामले को कमजोर करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनीश पटेल ने एसीबी से शिकायत की थी कि थाना चांदखुरी, जिला बेमेतरा में दर्ज अपराध क्रमांक-114/2026 के मामले में राहत दिलाने और केस को कमजोर करने के एवज में प्रधान आरक्षक अजय लहरे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी 15 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद गुरुवार 26 जून को एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम आरोपी को सौंपी, एसीबी की टीम ने प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत मांगने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

