Kawardha News: कवर्धा में 81 लाख से अधिक के धान घोटाले का खुलासा, तीन धान खरीदी प्रभारियों पर FIR दर्ज

Kawardha News: कवर्धा में 81 लाख से अधिक के धान घोटाले का खुलासा, तीन धान खरीदी प्रभारियों पर FIR दर्ज

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कवर्धा जिले में धान खरीदी व्यवस्था में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के तीन धान उपार्जन केंद्रों में संयुक्त जांच के दौरान करीब 81.19 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आने पर तीन धान खरीदी प्रभारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। जिले में अब तक कुल छह धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों पर कानूनी कार्रवाई हो चुकी है, जबकि जांच का दायरा बढ़ने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की संयुक्त टीम ने विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित सहसपुर लोहारा, बासिझोरी और बिरनपुर धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। भौतिक सत्यापन के दौरान सरकारी रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। जांच में तीनों केंद्रों से 2,441.92 क्विंटल धान तथा 21,982 नग खाली बारदाने गायब मिले। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस गड़बड़ी से शासन को 81 लाख 19 हजार 502 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है।

जांच टीम ने पाया कि सहसपुर लोहारा समिति के प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी गंगादास मानिकपुरी सहित संबंधित कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। जांच के दौरान कई ऐसे तौल पत्र भी मिले, जिनमें केवल किसानों के हस्ताक्षर दर्ज थे, जबकि धान खरीदी प्रभारी, फड़ प्रभारी और तौलकर्ता के हस्ताक्षर वाले कॉलम खाली पाए गए। इससे दस्तावेजों में हेरफेर कर धान खरीदी में अनियमितता किए जाने की आशंका और गहरा गई है।

प्रशासन ने मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए संबंधित तीनों धान खरीदी प्रभारियों के खिलाफ सहसपुर लोहारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब रिकॉर्ड, स्टॉक और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य कर्मचारियों या अधिकारियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों की चरणबद्ध जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है तथा अधिकारी हो या कर्मचारी, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिले में लगातार सामने आ रहे धान खरीदी घोटालों के बाद प्रशासन ने निगरानी और जांच को और तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के आधार पर अन्य केंद्रों और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।


Related Articles