Venezuela Earthquake News: वेनेजुएला में दोहरे भूकंप से भारी तबाही, आपातकाल घोषित, मौतों का आंकड़ा 1 लाख तक पहुंचने की आशंका

Venezuela Earthquake News: वेनेजुएला में दोहरे भूकंप से भारी तबाही, आपातकाल घोषित, मौतों का आंकड़ा 1 लाख तक पहुंचने की आशंका

Venezuela Earthquake News: काराकास। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। राजधानी काराकास सहित कई शहरों में इमारतें ढह गई हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और हजारों लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने पूरे देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने राष्ट्र के नाम संबोधन में नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और एकजुट होकर इस संकट का सामना करने की अपील की।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, वेनेजुएला में पहले 7.2 तीव्रता और उसके कुछ समय बाद 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। दोनों झटकों के बाद 20 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिससे पहले से क्षतिग्रस्त इमारतों के गिरने और जनहानि बढ़ने की आशंका और गहरा गई है।

10 हजार से 1 लाख मौतों की आशंका

भूकंप के बाद जारी प्रारंभिक आकलनों में बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका जताई गई है। USGS ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंच सकती है। हालांकि सरकार ने अभी तक आधिकारिक मृतक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन कई इलाकों में लोगों के मलबे में दबे होने की खबरें सामने आ रही हैं।

राजधानी काराकास में सबसे ज्यादा नुकसान

राजधानी काराकास के कई हिस्सों में आवासीय और व्यावसायिक इमारतें ढह गईं। अल्तामीरा समेत कई इलाकों में मकानों और बहुमंजिला इमारतों को गंभीर क्षति पहुंची है। कुछ स्थानों पर पूरी दीवारें गिर जाने से घरों और दफ्तरों का अंदरूनी हिस्सा सड़क से दिखाई देने लगा। धूल के विशाल गुबार और भगदड़ जैसे हालात के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर निकल आए।

मुख्य अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बंद

भूकंप से वेनेजुएला के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे माइकेटिया स्थित सिमोन बोलिवार एयरपोर्ट को भी भारी नुकसान पहुंचा है। एयरपोर्ट की संरचनात्मक क्षति के कारण सभी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इससे राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

गृह मंत्री ने लोगों से खुले स्थानों पर रहने की अपील की

गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने लोगों से फिलहाल खुले स्थानों पर रहने की अपील करते हुए कहा कि आफ्टरशॉक्स का खतरा बना हुआ है और इससे पहले से क्षतिग्रस्त ढांचे और गिर सकते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से एंबुलेंस और राहत वाहनों को प्राथमिकता देने तथा बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने का आग्रह किया।

सुनामी अलर्ट भी जारी

भूकंप के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया था। हालांकि बाद में खतरे का स्तर कम होने की जानकारी सामने आई, लेकिन तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।

राहत-बचाव अभियान जारी

सरकार ने सेना, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और चिकित्सा दलों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया है। कई स्थानों पर मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान रातभर जारी रहा। राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय स्तर पर आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।


Related Articles