प्रधानमंत्री आवास योजना से सांकरा के 448 परिवारों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, विशेष ग्राम सभा में पात्र हितग्राहियों की सूची का हुआ सार्वजनिक वाचन

प्रधानमंत्री आवास योजना से सांकरा के 448 परिवारों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, विशेष ग्राम सभा में पात्र हितग्राहियों की सूची का हुआ सार्वजनिक वाचन

Chhattisgarh News: सांकरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम पंचायत सांकरा के 448 पात्र परिवारों के पक्के मकान का सपना अब जल्द ही साकार होने जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार बुधवार को ग्राम पंचायत सांकरा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया।

ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित 448 हितग्राहियों के नाम पढ़कर सुनाए गए। इस दौरान ग्रामीणों को योजना से संबंधित जानकारी भी दी गई तथा पात्रता और चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच रवि सिंगौर, पंचायत सचिव ईश्वर निषाद, पंचगण, जनप्रतिनिधि तथा ग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने पात्र हितग्राहियों के नामों की घोषणा का स्वागत करते हुए शासन की इस पहल को गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।

इस अवसर पर सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में हर गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सांकरा के 448 परिवारों का वर्षों पुराना सपना अब बहुत जल्द हकीकत में बदलने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। इससे न केवल लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिलेगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।

ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्के मकान का सपना पूरा होने से उनके परिवारों को स्थायी आवास की सुविधा मिलेगी और जीवन में नई उम्मीदों का संचार होगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ग्राम सभा में सार्वजनिक वाचन की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहनीय बताया। अब चयनित हितग्राहियों को योजना के तहत मिलने वाली राशि और निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आगामी औपचारिकताओं का इंतजार है।


Related Articles