Bhilai News: भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी के लॉकर से 50 लाख के आभूषण बरामद

Bhilai News: भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी के लॉकर से 50 लाख के आभूषण बरामद

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से स्क्रैप चोरी कर अवैध कारोबार चलाने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करोड़ों रुपये की संपत्ति और आभूषणों से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि चोरी किए गए स्क्रैप की बिक्री से अर्जित रकम को आभूषणों और संपत्तियों में निवेश किया गया था। पुलिस अब आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री का अवैध भंडारण और परिवहन किए जाने का खुलासा हुआ था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये आंकी गई थी। वहीं परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए गए वाहनों एवं मशीनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई थी।

मामले में पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह को विशेष पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया। रिमांड के दौरान पूछताछ में अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण कराया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान चोरी के स्क्रैप के परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस ने नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से स्क्रैप के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


Related Articles