Rahul Gandhi Visit Chhattisgarh : रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। करीब चार घंटे तक चले कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, जिलाध्यक्षों और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अलग-अलग चरणों में चर्चा की और संगठन को मजबूत करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान राहुल गांधी ने सबसे पहले प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों से लगभग 40 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की। पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार के अनुसार, इस दौरान प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा करीब 70 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसमें पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
जिलाध्यक्षों और शहर अध्यक्षों से किया सीधा संवाद
वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद राहुल गांधी ने प्रदेशभर से पहुंचे जिलाध्यक्षों और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। प्रशिक्षण शिविर को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे।
भीड़ के कारण गेट पर ही रह गए चरणदास महंत
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत धक्का-मुक्की के बीच कार्यक्रम स्थल के गेट के बाहर ही रह गए। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नजर आ रही है।
दिल्ली में नहीं हो पाई मुलाकात, फिर बाइक से अभनपुर पहुंचे कार्यकर्ता
सक्ती जिले के जैजपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वह पहले राहुल गांधी से मिलने बाइक से दिल्ली गए थे, लेकिन वहां मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने एक बार फिर बाइक से लंबी दूरी तय कर अभनपुर पहुंचकर राहुल गांधी से मिलने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से मिलने और उनका मार्गदर्शन सुनने की इच्छा उन्हें यहां तक खींच लाई।
एयरपोर्ट जाते समय टपरी पर रुके राहुल गांधी, दीपक बैज को खिलाया बिस्किट
करीब चार घंटे तक चले कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इस दौरान एयरपोर्ट के समीप एक चाय की टपरी पर उन्होंने कुछ देर रुककर चाय का आनंद लिया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इसी दौरान राहुल गांधी ने दीपक बैज को अपने हाथों से बिस्किट खिलाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
राहुल गांधी के इस दौरे को प्रदेश कांग्रेस के लिए संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इसे आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से एक अहम कड़ी के रूप में देख रहा है।

