Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने शुक्रवार को संकुल केंद्र तिरगा में आयोजित संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा पहली, छठवीं और नवमी के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और शाला गणवेश वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। साथ ही विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विधायक ललित चंद्राकर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से उनके जीवन का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, गुरुजनों का सम्मान करने और माता-पिता तथा गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, उन्हें जैसा आकार दिया जाएगा, वे वैसे ही बनेंगे। इसलिए पालकों को भी बच्चों को अच्छे संस्कार देने और उन्हें मोबाइल से दूर रखकर खेलकूद व पढ़ाई के लिए प्रेरित करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के सपनों को नई उड़ान देती है और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
विधायक चंद्राकर ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, सरपंच धसिया राम देशमुख, महामंत्री पुराण देशमुख, शाला विकास समिति अध्यक्ष युवराज देशमुख, सांसद प्रतिनिधि भूपेन्द्र बेलचंदन, पूर्व सरपंच सुरेश साहू, सोसायटी अध्यक्ष देवसिंह ठाकुर, मोहन देशमुख सहित बड़ी संख्या में पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

