Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक डंगनिया स्थित चन्द्राकर समाज भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने की। विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन विस्तार और समाज से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से ‘एक प्रदेश-एक संगठन’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। जिन जिलों में संगठन का विस्तार नहीं हुआ है, वहां समाज प्रमुखों की मौजूदगी में संगठन का गठन करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई। साथ ही प्रदेश, संभाग और युवा प्रकोष्ठ में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। नरेश राजवाड़े को प्रदेश महामंत्री बनाया गया, जबकि पवन धीवर, मनोहर निषाद, पवन साहू, जागेश्वर सिंह ठाकुर, रवि देवांगन और धरमदास साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में सरगुजा और बस्तर संभाग में पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने, जातिगत जनगणना और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने पिछड़ा वर्ग की आवाज को संगठित रूप से उठाने और सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में नवीन जायसवाल को सरगुजा संभाग अध्यक्ष, प्रवीण साहू को रायपुर संभाग अध्यक्ष, श्याम कार्तिक जायसवाल को बिलासपुर संभाग अध्यक्ष तथा महेंद्र साहू को दुर्ग संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। कोमल निषाद को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष और रामकरण सिन्हा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया। महिला प्रकोष्ठ में भगवती महेंद्र गजेंद्र को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में दिनेश चन्द्राकर, धनिराम विश्वकर्मा, अजय नायक, टहलराम साहू, शान्तनु साहू, राजेन्द्र नायक, आनंद निषाद, मोहनदास मानिकपुरी, सालिक राम यादव समेत विभिन्न समाजों के सैकड़ों पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

