Weather Update: मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक, 23 जून के बाद छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में आगे बढ़ने की उम्मीद

Weather Update: मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक, 23 जून के बाद छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में आगे बढ़ने की उम्मीद

Weather Update: नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अब 23 जून के आसपास मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में मानसून दस्तक दे चुका है, जहां भारी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में 21 जून तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। मानसून के सक्रिय होने के बाद इन क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और केरल में भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बंगाल, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और मिजोरम में आंधी-तूफान और वज्रपात की घटनाएं सामने आईं।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा तथा बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी चलने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच, उत्तर-पश्चिम भारत में 18 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।


Related Articles