Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिजली दरों में वृद्धि को जनता पर अत्याचार बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी।
दीपक बैज ने बताया कि 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव करेंगे और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करेंगे। वहीं 18 जून को जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं आयोजित कर बिजली दर वृद्धि के विरोध में अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा जुलाई के प्रथम सप्ताह में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे।
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली दरों में लगातार पांचवीं बार वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक बिजली दरों में कुल 31.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को सामान्य से तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कई मामलों में एक ही माह के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अलग-अलग राशि के बिल जारी किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके कनेक्शन का अनुबंधित भार बढ़ाया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त शुल्क और अर्थदंड जोड़कर भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं।
दीपक बैज ने दावा किया कि जून माह में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल औसत से तीन गुना तक बढ़कर आए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश की जनता बिजली कटौती से परेशान है, वहीं दूसरी ओर सरकार बढ़े हुए बिजली बिलों का बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं की वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज की जा रही है, जिसके कारण बिजली बिलों में भारी वृद्धि हो रही है।
बैज ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं—बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों द्वारा अधिक खपत दर्ज किया जाना। उन्होंने राज्य सरकार से जनहित में स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने की मांग की।
पत्रकार वार्ता को वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू और पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

