Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में नियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 जून से 30 जून 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में आयोजित होगा।
इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर सभी नव-नियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
राहुल गांधी देंगे संगठन मजबूती का मंत्र
AICC द्वारा जारी पत्र के अनुसार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी शिविर में शामिल होने की सहमति दे दी है। वे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम मान रही है।
पहले भी हो चुकी है ट्रेनिंग
पत्र में उल्लेख किया गया है कि इन अध्यक्षों को 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल किया गया था। उस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया था।
PCC और वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एआईसीसी सचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और संगठन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों को शिविर में अधिकतम समय देने के लिए कहा गया है।
पत्र के मुताबिक वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, जिसमें प्रशिक्षण शिविर के पहले दो और अंतिम दो दिन शामिल होंगे।
2028 विधानसभा चुनाव पर नजर
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त नए अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति की गहन जानकारी देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
21 जून दोपहर 12 बजे तक पहुंचने के निर्देश
AICC के पत्र में सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।

