Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित पथरिया खदान में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खदान के गहरे पानी में डूबने से 13 वर्षीय बालक आयुष मार्कंडेय की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने करीब 50 फीट गहरे पानी से उसका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, पथरिया निवासी आयुष मार्कंडेय गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खोजबीन शुरू की।
शुक्रवार सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान खदान के गहरे पानी से आयुष का शव बरामद किया गया। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जब शव को बाहर निकाला गया, तब उसके हाथ में एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल थी। प्रारंभिक आशंका है कि संभवतः बोतल को उठाने या निकालने के प्रयास में वह गहरे पानी में चला गया और हादसे का शिकार हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। आयुष की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
यह हादसा एक बार फिर खदानों और गहरे जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे खतरनाक स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेतों का अभाव है, जिससे बच्चों और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खदान क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

