Chhattisgarh Latest News: पाटन। ग्राम ढौर में बेखौफ तरीके से चल रहे अवैध मुरूम खनन और परिवहन की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम को एक वाहन मुरूम का परिवहन करते हुए मिला, जबकि दूसरे वाहन में मुरूम लोड किया जा रहा था। अधिकारियों ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में खनन और परिवहन से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ग्राम ढौर में लंबे समय से मुख्य मार्ग के जरिए मुरूम का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। शिकायतों के बाद राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, जिससे अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और सभी आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर रोक लगाई जा सके।

