CG Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तिवरागुड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव बोरे में बंद हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे सुनसान स्थान पर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की नजर गांव के पास पड़े एक संदिग्ध सफेद बोरे पर पड़ी। बोरे से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरपंच को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस ने जब बोरे को खोला तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला, जो रस्सियों से बंधा हुआ था। मृतक के सिर, चेहरे, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
शव जिस अवस्था में मिला है, उससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को किसी अन्य स्थान पर ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी, लेकिन किसी कारणवश उसे गांव के समीप ही छोड़कर फरार हो गए।
फिलहाल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

