Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला दुर्ग द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल बेमिसाल” किसान सम्मेलन एवं जैविक खेती कार्यशाला का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) अनुसंधान केंद्र, अंजोरा में किया गया। कार्यक्रम भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित सिंह राजपूत के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती की आधुनिक तकनीकों, मिट्टी की उर्वरता एवं संरक्षण, प्राकृतिक खेती के लाभ तथा जैविक उत्पादों के महत्व के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाकर स्वस्थ मिट्टी, समृद्ध किसान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेश कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जितेंद्र वर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प तभी साकार होगा जब कृषि क्षेत्र आत्मनिर्भर और टिकाऊ बनेगा। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आग्रह किया।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने कहा कि अधिक उत्पादन की दौड़ में पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और मिट्टी, जल तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने, भूमि की गुणवत्ता सुधारने और स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जैविक खाद निर्माण, मिट्टी परीक्षण, फसल प्रबंधन और प्राकृतिक खेती के विभिन्न मॉडलों की जानकारी साझा की। सम्मेलन में सैकड़ों किसान, किसान मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

