Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जिले में कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान (एलसीडीसी) चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिला अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और सर्वेक्षण टीमें माइक्रोप्लान के अनुसार क्षेत्र में कार्य करेंगी।
रायपुर में 587 मरीज उपचाररत, 124 नए मरीज मिले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रायपुर जिले की कुल जनसंख्या 28 लाख 57 हजार 744 है। वर्ष 2026 में अब तक 124 नए कुष्ठ रोगी पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 22 पीबी और 102 एमबी श्रेणी के मरीज शामिल हैं। वर्तमान में जिले में 587 मरीज उपचाररत हैं तथा व्यापकता दर 2.05 दर्ज की गई है।
घर-घर जाकर होगी लक्षणों की पहचान
अभियान के लिए एक महिला और एक पुरुष सदस्य वाली दो सदस्यीय सर्वेक्षण टीमों का गठन किया गया है। टीमें घर-घर जाकर चमड़ी पर सुन्न दाग-धब्बे, त्वचा या अंगों में सुन्नपन, हथेली-पंजों में झुनझुनी और उंगलियों, पलकों या चेहरे की मांसपेशियों में कमजोरी जैसे लक्षणों की जांच करेंगी। संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों को आगे की जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा।
पुष्टि होने पर मिलेगा निःशुल्क इलाज
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जांच में कुष्ठ रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को निःशुल्क मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) उपलब्ध कराई जाएगी। यह उपचार कुष्ठ रोग के पूर्ण उपचार में प्रभावी माना जाता है। जिला स्वास्थ्य समिति ने नागरिकों से सर्वेक्षण टीमों का सहयोग करने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
बैठक में कुमार बिश्वरंजन, संबित मिश्रा, डॉ. मिथिलेश चौधरी, हिमांशु भारती, शैल ठाकुर, डॉ. भेनूज कुमार सिन्हा, डॉ. श्वेता सोनवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

