Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा से हुई। अधिकारियों ने विभागवार कार्यों की प्रगति, पूर्ण किए गए कार्यों तथा लंबित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही जिले की प्रमुख सड़कों पर यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम तत्काल किए जाएं। उन्होंने रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग को दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा भिलाई इस्पात संयंत्र के वाहनों को भारतमाला सड़क से जोड़ने, पुरई के पास बोगदे की ऊंचाई बढ़ाने, भिलाई में केनाल रोड निर्माण तथा बारिश से पहले सभी अंडरब्रिजों की सफाई और मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में एडीएम वीरेन्द्र सिंह, एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा, नगर निगम भिलाई आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमीत अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम भिलाई-3 महेश राजपूत, एसडीएम धमधा सोनल डेविड सहित परिवहन, विद्युत, पुलिस, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और बीएसपी के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वय से निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

