Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भिलाई के हाउसिंग बोर्ड स्थित निवास पहुंचकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और भिलाई के गौरव राजेश चौहान का आत्मीय सम्मान किया। इस अवसर पर सांसद ने उन्हें गमछा पहनाकर अभिनंदन किया तथा देश और क्रिकेट जगत के लिए उनके योगदान की सराहना की।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि राजेश चौहान ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल भिलाई बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और खेल के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
इस दौरान सांसद ने राजेश चौहान के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए खेल जगत में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। भेंट के दौरान खेल, समाज और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, विनोद सिंह, चन्ना केश्वलु, योगेश सिंह, शशि भगत, निशु पांडे, रजनीकांत अग्रवाल और अमित पहुजा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने राजेश चौहान के व्यक्तित्व और खेल उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनका सम्मान किया।
भेंट-मुलाकात का यह अवसर सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने राजेश चौहान के खेल जीवन के अनुभवों को सुना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

