Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने खरीफ सीजन के दौरान खाद और बीज की कमी को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के संभागीय महासचिव चंद्रदीप कोर्चो ने आरोप लगाया कि सरकार खुद को किसान हितैषी बताती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे किसानों को अधिकांश सहकारी समितियों और सोसायटियों में डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल रही है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को निजी दुकानों से ऊंचे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
चंद्रदीप कोर्चो ने आरोप लगाया कि निजी दुकानों में रासायनिक उर्वरकों की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है। उनके अनुसार 266 रुपये में मिलने वाली यूरिया 1000 रुपये तक और 1350 रुपये की डीएपी 2500 रुपये तक में बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब सरकारी समितियों में खाद और बीज की कमी है, तो निजी व्यापारियों के पास बड़ी मात्रा में उर्वरक और बीज कैसे उपलब्ध हैं। उनके अनुसार यह स्थिति पूरे वितरण तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
गोंगपा नेता ने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए नए खाद वितरण फार्मूले को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। कई स्थानों पर किसान समितियों और सोसायटियों के सामने विरोध-प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से अवैध खाद-बीज विक्रेताओं और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

