Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित अश्लील हरकत, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अमलेश्वर के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष उमेश साहू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा और जय साहू ने उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज की, अशोभनीय व्यवहार किया और धमकी दी।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक विवाद की जड़ पुरानी रंजिश और शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे से जुड़ा मामला है। बताया गया कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य के भतीजे पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत जन समस्या निवारण शिविर में की गई थी, जिसके बाद राजस्व अमले ने जांच की थी। इसी मामले को लेकर आरोपियों द्वारा उमेश साहू को शिकायतकर्ता बताकर नाराजगी जताई जा रही थी।
शिकायत के अनुसार 7 जून 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में उमेश साहू के घर पहुंचे। उस समय घर पर उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। आरोप है कि घर के बाहर पहुंचकर आरोपियों ने गाली-गलौज की और महिला के बाहर आने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने अपनी शिकायत में अश्लील टिप्पणियां, गंदे इशारे करने, जान से मारने की धमकी देने और घर में घुसने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

