Chhattisgarh Surajpur News: प्रतापपुर। वन परिक्षेत्र प्रतापपुर अंतर्गत धरमपुर क्षेत्र के ग्राम सिंघरा (कोढ़ीडोलपारा) में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओमनी वैन से 9 नग अवैध साल चिरान लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 9 जून 2026 की देर रात करीब 12:15 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग ओमनी वैन में अवैध रूप से साल की लकड़ी लोड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मुख्य वन संरक्षक के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी सूरजपुर के निर्देशन में वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी शुरू कर दी।
करीब 12:30 बजे वन विभाग की टीम ने ओमनी वैन क्रमांक CG 04 HB 6275 को पकड़ लिया। वाहन की जांच करने पर उसमें 9 नग अवैध साल चिरान लकड़ी बरामद हुई। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
वन विभाग ने वाहन एवं बरामद लकड़ी को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई को सफल बनाने में प्रतापपुर वन परिक्षेत्र, धरमपुर परिक्षेत्र सहायक एवं वन अमले की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने अवैध वन संपदा के परिवहन और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

