Raipur News: ट्रांसपोर्ट नगर में सफाई बड़ी चुनौती, अव्यवस्थित पार्किंग से बाधित हो रहा काम, बिरगांव नगर निगम

Raipur News: ट्रांसपोर्ट नगर में सफाई बड़ी चुनौती, अव्यवस्थित पार्किंग से बाधित हो रहा काम, बिरगांव नगर निगम

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में फैली गंदगी, जाम नालियां और अव्यवस्थाएं स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर, मलबा और सड़कों पर बहता गंदा पानी लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। बारिश का मौसम नजदीक होने से नागरिकों में जलभराव और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल ट्रांसपोर्ट नगर इन दिनों साफ-सफाई की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। मुख्य मार्गों और अंदरूनी गलियों में जमा कचरे और मलबे से बदबू फैल रही है, जबकि कई स्थानों पर नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे लोगों के आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि बारिश शुरू होने के बाद हालात और खराब हो सकते हैं, क्योंकि जाम नालियों के कारण पानी सड़कों और दुकानों तक भर जाता है। वहीं गंदगी और रुके हुए पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं।

मामले में बिरगांव नगर निगम के अधिकारी कमल नारायण जंघेल ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में अव्यवस्थित पार्किंग सफाई कार्य में सबसे बड़ी बाधा है। कई भारी वाहन लंबे समय तक खड़े रहने के कारण सफाई कर्मी कई स्थानों तक पहुंच ही नहीं पाते। उन्होंने कहा कि जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध रहती है, वहां नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पार्किंग नंबर-8 और पार्किंग नंबर-4 में गंदगी की शिकायत मिलने के बाद सुपरवाइजर को तत्काल निर्देश देकर जेसीबी मशीन के माध्यम से सफाई कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़क पर वाहन खड़े कर वॉशिंग सेंटर संचालित करने और खुले में कचरा फेंकने वाले चार लोगों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई के तहत संबंधित मोटर भी जब्त की गई है।

नगर निगम का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के सहयोग से ही ट्रांसपोर्ट नगर की सफाई व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सकता है। फिलहाल निगम क्षेत्र में सफाई अभियान तेज करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कह रहा है।


Related Articles