सरगुजा में भीषण सड़क हादसे: ट्रैक्टर-बाइक और कार की टक्कर में 6 की मौत, एक ही परिवार के 4 युवकों की गई जान

सरगुजा में भीषण सड़क हादसे: ट्रैक्टर-बाइक और कार की टक्कर में 6 की मौत, एक ही परिवार के 4 युवकों की गई जान

Surguja Accident News: सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में रविवार देर शाम और रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा बलरामपुर जिला के ग्राम पीपरपान में हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक चलती ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के 4 चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा नेशनल हाईवे 130 पर जजगा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रैक्टर में घुसी बाइक, 4 मजदूर युवकों की मौत

पहली घटना सनावल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के ग्राम पीपरपान की है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 6:30 बजे सुंदरपुर मोड़ से आगे सनावल रोड पर ईंट से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव हादसे के बाद वाहन रोकने के बजाय घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। बाद में उन्हें सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन अलग कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-

  • राकेश पंडो (17)
  • रमेश पंडो (19)
  • नरेश पंडो (19)
  • मनोज पंडो (21)

चारों मृतक पंडो जनजाति से थे, मजदूरी कर परिवार चलाते थे और आपस में चचेरे भाई थे।

ट्रैक्टर छिपाने और सबूत मिटाने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर मालिक अशोक यादव वाहन का इंजन छिपाने के लिए ग्राम बगरा स्थित अपने ससुराल ले गया। वहीं रामनारायण यादव पर भी दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को छिपाने और साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।

उदय कुमार पंडो, पंडो समाज के अध्यक्ष, ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ट्रैक्टर बरामद कर चालक प्रेमचंद यादव, रामनारायण यादव और ट्रैक्टर मालिक अशोक यादव पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

बृजलाल भारद्वाज, थाना प्रभारी सनावल, ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

NH-130 पर कार-बाइक भिड़ंत में 2 ग्रामीणों की मौत

दूसरी घटना लखनपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर जजगा के पास रविवार रात हुई। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार ग्रामीण जैसे ही गांव की सड़क से हाईवे पर पहुंचे, तभी बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों युवक सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटते रहे और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोनों ग्रामीण मेहमानी में जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे अपने गांव लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान-

  • जय सिंह (50), निवासी महुआटिकरा
  • रामकुमार (60), निवासी महुआटिकरा

पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


Related Articles