Chhattisgarh Latest News: रायपुर। आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष और वित्त मंत्री ने ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ सेवा के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
22 हाई-टेक वाहन हुए शामिल
‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ सेवा के विस्तार के तहत कुल 22 आधुनिक वाहनों को बेड़े में शामिल किया गया है। इनमें 18 डायल-112 वाहन, 3 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और 1 फॉरेंसिक वाहन शामिल हैं। ये वाहन आपातकालीन रिस्पॉन्स, सड़क सुरक्षा निगरानी और घटनास्थल पर वैज्ञानिक जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
“एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता”
कार्यक्रम में नया ध्येय वाक्य “एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता… डायल 112 – एक्के नम्बर, सब्बो बर” भी प्रस्तुत किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आपातकालीन सेवाओं का आधुनिकीकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
आधुनिक तकनीक से लैस हैं वाहन
सभी वाहन अत्याधुनिक जीपीएस, उन्नत संचार प्रणाली और हाई-टेक उपकरणों से लैस हैं। इससे कंट्रोल रूम को वाहनों की रियल-टाइम लोकेशन मिल सकेगी और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।
आम जनता को मिलेगा त्वरित लाभ
सरकार का मानना है कि इन हाई-टेक वाहनों के संचालन से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित एवं भरोसेमंद आपातकालीन सहायता उपलब्ध होगी। ‘एक्के नम्बर, सब्बो बर’ स्लोगन के साथ शुरू हुई इस सेवा को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

