Major Action by Raipur Police: रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू की करोड़ों की संपत्ति सीज कर दी है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस मामलों में पहली बार SAFEMA (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट) कानून के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी कुल 16 संपत्तियों को जब्त किया है।
पत्नी, बेटे और मां के नाम पर बनाई थी संपत्ति
पुलिस के मुताबिक सीज की गई संपत्तियों की कुल कीमत करीब 7 करोड़ 66 लाख रुपये आंकी गई है। आरोप है कि रवि साहू ने गांजा तस्करी और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित रकम से पत्नी, बेटे और मां के नाम पर करोड़ों की चल-अचल संपत्तियां खरीदी थीं। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लिया है।
आरोपी पर दर्ज हैं 55 आपराधिक मामले
डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता ने बताया कि रवि साहू के खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मामले का विस्तृत प्रतिवेदन SAFEMA कोर्ट मुंबई को भी भेजा गया है।
रायपुर और अभनपुर में कई संपत्तियां सीज
पुलिस ने रायपुर और अभनपुर क्षेत्र के माना बस्ती, पलौद, खोरपा और रायपुरा में स्थित कृषि एवं आवासीय भूमि को सीज किया है। इसके अलावा गांधीनगर, देवपुरी, कांति चौक, खम्हारडीह और बोरियाखुर्द इलाके में बने मकान और भवन भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। एक फोर्स ट्रैवलर और अन्य कमर्शियल वाहनों को भी जब्त किया गया है।
अब बिना अनुमति नहीं हो सकेगा सौदा
प्राधिकरण के निर्देशानुसार अब इन संपत्तियों को बिना पूर्व अनुमति किसी को ट्रांसफर या बेचा नहीं जा सकेगा। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश है।
वैध आय का देना होगा हिसाब
अब संबंधित पक्षों को संपत्तियों के वैध आय स्रोत से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि वे संपत्ति का वैध स्रोत साबित नहीं कर पाए, तो नियमानुसार संपत्तियों को स्थायी रूप से शासन के पक्ष में जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों के आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

