रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी ने छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ के शुभारंभ को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया है। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री तथा मुख्यमंत्री की सरकार का आभार व्यक्त किया।
प्रियंका गिरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाना इस बात का प्रमाण है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित आधुनिक सेवा
उन्होंने कहा कि ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराएगी। अब महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में एक ही नंबर पर त्वरित सहायता मिल सकेगी।
अत्याधुनिक तकनीक से होगी लाइव मॉनिटरिंग
प्रियंका गिरी ने बताया कि इन वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव होगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन से जांच को मिलेगी नई दिशा
उन्होंने कहा कि लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदेश के 33 जिलों में अपराध अनुसंधान को वैज्ञानिक और तेज बनाएंगी। इससे मामलों के त्वरित निपटारे और अपराधियों को जल्द सजा दिलाने में मदद मिलेगी।
प्रियंका गिरी ने प्रदेश की जनता और मातृशक्ति की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम छत्तीसगढ़ में सुशासन और भयमुक्त समाज की स्थापना में मील का पत्थर साबित होगा।

