Sports Association Officials Meeting: रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम स्थित खेल संचालनालय के सभाकक्ष में राज्य स्तरीय खेल संघों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खेल सचिव ने की। इस दौरान खेल संचालक सहित विभिन्न राज्य स्तरीय खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में खेल गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन, खिलाड़ियों के विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। खेल सचिव ने सभी खेल संघों को शीघ्र वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि राज्य स्तर पर खेल गतिविधियों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
शीर्ष 100 खिलाड़ियों का डाटा तैयार करने के निर्देश
बैठक में सभी खेल संघों को अपनी-अपनी खेल विधाओं के शीर्ष 100 खिलाड़ियों की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के गठन और पंजीयन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि खिलाड़ियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
टैलेंट हंट और डिजी लॉकर पर विशेष फोकस
प्रतिभा पहचान (Talent Hunt) कार्यक्रमों में खेल संघों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण-पत्रों को डिजी लॉकर में अपलोड और सुरक्षित संधारित करने संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
एंटी डोपिंग जागरूकता पर जोर
बैठक में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं से जुड़ी जानकारियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही डोपिंग मामलों में दोषी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का रिकॉर्ड संधारित करने तथा एंटी डोपिंग जागरूकता बढ़ाने के लिए “Know Your Medicine” ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में मोहम्मद अकरम खान, सचिव वॉलीबॉल संघ, वी.आर. चन्नावर, साइक्लिंग संघ, रवि धनकर, सॉफ्ट टेनिस संघ, प्रशांत रघुवंशी, ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि, कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ, नेटबॉल संघ तथा टेबल टेनिस संघ के सचिव एवं पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

