नवा रायपुर में निर्माणाधीन लोकभवन और नए विधानसभा भवन का PWD सचिव ने किया निरीक्षण

नवा रायपुर में निर्माणाधीन लोकभवन और नए विधानसभा भवन का PWD सचिव ने किया निरीक्षण

Preparations to make the Legislative Assembly ‘paperless’ gain momentum: रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन लोकभवन (राजभवन) और नए विधानसभा भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने लोकभवन परिसर का भ्रमण कर ले-आउट और फ्लोर प्लान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकभवन का निर्माण राज्यपाल की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाए।

इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम, अधीक्षण अभियंता डी.के. नेताम और कार्यपालन अभियंता अभिनव श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

लोकभवन निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता पर जोर

PWD सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण में सौंदर्य, प्राकृतिक रोशनी और पूर्ण उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभा-भवनों और कार्यालयीन कक्षों की बैठक व्यवस्था पहले से तय कर उसी अनुरूप निर्माण कार्य करने को कहा।

उन्होंने निर्माण कार्य में लगी विभिन्न एजेंसियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य जल्द पूरा कर भवन को लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

नए विधानसभा भवन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुकेश बंसल ने नए विधानसभा भवन में प्रवेश द्वार, सदन, अधिकारी दीर्घा, लॉबी, डाइनिंग एरिया, मीडिया ब्रीफिंग एरिया, समिति कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय, उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के कार्यालयों सहित कई हिस्सों का निरीक्षण किया।

उन्होंने सभी कार्यालयीन कक्षों में समुचित फर्नीचर और बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून सत्र से पहले भवन की सभी कमियों और खामियों को दूर करने को कहा।

विधानसभा को ‘पेपरलेस’ बनाने की तैयारी तेज

PWD सचिव ने विधानसभा को पूरी तरह ‘पेपरलेस’ बनाने के लिए तकनीकी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और चिप्स (CHiPS) के अधिकारियों के साथ जरूरी हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि इस वर्ष के शीतकालीन सत्र तक सभी तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। इसके लिए हर पखवाड़े प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

पार्किंग और सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर

सचिव बंसल ने विधानसभा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और वाहन चालकों के लिए सर्वसुविधायुक्त कक्ष बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रवेश द्वार क्रमांक-3 में पास काउंटर के पास आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कैन्टीन बनाने का सुझाव भी दिया।


Related Articles