Fire breaks out in plastic granule factory:इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के धार रोड स्थित डीयू ड्रॉप एरिगेशन नामक प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फै्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग बुझाने के लिए पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट की भी मदद ली गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में प्लास्टिक का दाना भरा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और अब तक करीब 35 टैंकर पानी इस्तेमाल किया जा चुका है। RRCAT के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि आसपास पानी के पर्याप्त स्रोत नहीं होने से राहत कार्य में परेशानी आ रही है, इसलिए बाहर से टैंकर बुलाकर दमकल वाहनों को लगातार फिलअप किया जा रहा है।
फैक्ट्री परिसर में टीन शेड होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल हो रहा है। पोकलेन मशीन से मलबा हटाकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। दमकल कर्मियों के मुताबिक आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी दो से तीन घंटे और लग सकते हैं।
एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली करा लिया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने बताया कि अमावस्या होने के कारण शनिवार को मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फैक्ट्री में सामान्य दिनों में 30 से 35 मजदूर दिन-रात की शिफ्ट में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से पूरी फैक्ट्री में फैल गई।
वहीं, श्रीराम तरावली के सरपंच जितेंद्र चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही गांव के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए और ट्यूबवेल से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों तक आग न पहुंचे, इसे लेकर प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है।

