Janjgir-Champa Yuva Congress Protest: जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस ने पुतले में लगी आग बुझाने की कोशिश की, तभी फायर ड्राई केमिकल पाउडर कुछ प्रदर्शनकारियों की आंखों में चला गया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर सख्ती बरतने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस का कहना था कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कार्रवाई की गई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि NEET पेपर लीक मामले में जल्द और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

