Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। हिंदू मिलन मंदिर में विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में 16 मई 2026 को शाम 7 बजे भव्य एवं गरिमामय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में समिति पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं साहित्य-संस्कृति प्रेमियों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की।
बैठक में आयोजन को आकर्षक एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन करते हुए जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर भारतीय साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और मानवता के अद्वितीय प्रतीक हैं तथा ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक के रूप में स्वामी शिवरूपानंदजी, मुख्य अतिथि पवन कुमार तथा विशेष अतिथि प्रबीर सरकार उपस्थित रहेंगे। वहीं सम्मानित अतिथियों में प्रणब सेनगुप्ता, शक्तिपद चक्रवर्ती, गोपाल सामंतो और अनिल कुमार शामिल होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, टैगोर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इसके बाद काव्य पाठ, गीत-संगीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुदेव की कालजयी रचना ‘भानुसिंहेर पदावली’ का मंचन किया जाएगा।
‘भानुसिंहेर पदावली’ होगी मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध रचना ‘भानुसिंहेर पदावली’ पर आधारित संगीतमय नृत्य-नाटिका होगी। इसमें राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम, विरह, मिलन, भक्ति एवं प्रकृति-सौंदर्य का भावपूर्ण चित्रण गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। राधा के हृदय की भावनाओं और कृष्ण के प्रति अनुराग को मार्मिक शैली में मंचित किया जाएगा, जो दर्शकों को भाव-विभोर कर देगा।
मंदिर के सचिव सुभाष साहा के नेतृत्व तथा सांस्कृतिक सचिव श्रौती साहा घोष के सांगीतिक निर्देशन में इस प्रस्तुति के लिए संयुक्त समूह द्वारा पिछले तीन माह से लगातार अभ्यास किया जा रहा है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय साहित्य, संस्कृति और महान विभूतियों के विचारों से जोड़ना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

