Chhattisgarh Sarguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए स्वामी आत्मानंद स्कूल के संविदा शिक्षक की सेवाएं जिला शिक्षा अधिकारी ने समाप्त कर दी हैं। शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया था।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की रात करीब 1 बजे कुछ स्थानीय युवकों ने सरमना के लंकाडांड जंगल किनारे एक कार खड़ी देखी। मौके पर पहुंचने पर युवकों ने पाया कि बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल एक छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद थे। युवकों ने दोनों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की शिकायत भाजपा नेताओं द्वारा किए जाने के बाद सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा ने शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल को स्कूल से हटाकर उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया था। इसके बाद पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई।
जांच टीम में बीईओ बतौली शरद चंद्र मेशपाल, सीतापुर बीईओ और सेदम हाई स्कूल के प्राचार्य को शामिल किया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति सुरेश कुमार जायसवाल ही है तथा जंगल किनारे मिला वाहन भी उन्हीं का था।
जांच के दौरान शिक्षक यह स्पष्ट नहीं कर सके कि वे देर रात छात्रा के साथ जंगल क्षेत्र में क्यों मौजूद थे। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि इस घटना से विद्यालय की गरिमा को गहरा आघात पहुंचा है और शिक्षा विभाग की छवि भी धूमिल हुई है।
रिपोर्ट मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी संविदा नियुक्ति समाप्त कर दी गई।

