Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई: चौहान टाउन इलाके में बुधवार रात एक फ्लैट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रथम तल पर स्थित फ्लैट से उठती तेज लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग हरकत में आया और तुरंत दो दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल टीम के पहुंचने तक आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी और फ्लैट धुएं से भर गया था। इसके बावजूद जवानों ने बिना समय गंवाए अंदर घुसकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, आग श्री कृष्णा कावरिया के फ्लैट में लगी थी। स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर सूचना देने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस अभियान में सहायक प्रभारी प्रवीण बारा, दल प्रभारी केशव यादव, शरद मेश्राम सहित कई दमकल कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।

