Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा की भारी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देश पर की गई।
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि सूचना के आधार पर डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुसराकला निवासी भिखारी निषाद के कातलवाही नाला किनारे स्थित मकान में बिना सर्च वारंट जांच की गई। तलाशी के दौरान मौके से 264 बोतल बॉम्बे व्हिस्की (750 एमएल), 250 पाव गोवा व्हिस्की (180 एमएल) सहित कुल 243 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।
इसके अलावा मौके से 200 खाली बोतल (मध्यप्रदेश लेबल), 500 पाव खाली बोतल (छत्तीसगढ़ लेबल), 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन भी बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छीपा निवासी आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू को मौके से भागते हुए देखा गया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न गैरजमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह, दिलीप प्रजापति, मुख्य आरक्षक लाल सिंह राजपूत और ओमप्रकाश सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

