CG Narayanpur News: नारायणपुर। बस्तर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने 809.71 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री कश्यप ने बनियागांव और भानपुरी क्लस्टर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेते हुए क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। बनियागांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1 करोड़ 47 लाख 76 हजार रुपए की लागत के कार्यों की आधारशिला रखी। इसमें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनियागांव से कुच्चीगुड़ा सड़क निर्माण का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही तुरपुरा में सीसी सड़क और केशरपाल में अहाता निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
इसके बाद भानपुरी में आयोजित कार्यक्रम में 6 करोड़ 61 लाख 95 हजार रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत भानपुरी से पदरपारा, फरसागुड़ा से खासपारा और भानपुरी-चित्रकोट मार्ग से धनवाड़पारा तक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मुरकुची हाई स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का भूमिपूजन तथा भानपुरी, तारागांव और विश्रामपुरी क्लस्टर में सीसी सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला होती हैं, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होती है।
मंत्री ने यह भी कहा कि नारायणपुर विधानसभा का हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की, ताकि योजनाओं का लाभ लंबे समय तक मिल सके।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने विकास कार्यों के लिए खुशी जाहिर की।

