Chhattisgarh Patan News: पाटन। नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले द्वारा शुरू की गई जनहितैषी पहल “हमर अध्यक्ष हमर द्वार” के तहत वार्डों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
चुनाव के दौरान किए गए वादों को निभाते हुए अध्यक्ष भाले स्वयं वार्डों में जाकर आम जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने वार्ड क्रमांक 5 और 6 में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा गया।
दो दिनों में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का तुरंत समाधान कर दिया गया है, जबकि बाकी मामलों पर विभागीय स्तर पर प्रक्रिया जारी है।
अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि आगामी 28 अप्रैल को सुबह 7 से 9 बजे तक वार्ड क्रमांक 8 और 10 में सुभाष क्लब चौक पर चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे रख सकेंगे।
नगर पंचायत की यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।

