‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के काले हिरण संरक्षण की गूंज, वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया गौरव का क्षण

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के काले हिरण संरक्षण की गूंज, वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया गौरव का क्षण

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में छत्तीसगढ़ के काले हिरण संरक्षण कार्यों का उल्लेख किए जाने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया है।

वन मंत्री कश्यप ने कहा कि यह केवल उल्लेख नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के जंगलों, वन्यजीवों और जनभागीदारी आधारित संरक्षण मॉडल की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार, वन विभाग और स्थानीय समुदायों के संयुक्त प्रयासों से काले हिरण जैसे संवेदनशील वन्यजीवों के संरक्षण में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जैव विविधता संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक, सतत निगरानी और जनजागरूकता को प्राथमिकता दी जा रही है। “मन की बात” जैसे राष्ट्रीय मंच पर इन प्रयासों की सराहना यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक मजबूत मॉडल बनकर उभर रहा है।

वन मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण, हरित विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। बांस आधारित आजीविका को बढ़ावा देकर ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा, विशेषकर पवन ऊर्जा पर दिए जा रहे बल के अनुरूप छत्तीसगढ़ में भी हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन और आर्थिक विकास दोनों को मजबूती मिलेगी।

वन मंत्री कश्यप ने कहा कि “मन की बात” के माध्यम से मिली यह पहचान प्रदेश के हर नागरिक, वनकर्मी और जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह सभी को प्रकृति संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाती है।


Related Articles